Bihar Politics: नीतीश कुमार के 20 साल के सुशासन को लेकर जेडीयू सुशासन दिवस मना रही है। जेडीयू कार्यालय में नीतीश कुमार पहुंचे तो गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश कर उनका स्वागत किया गया। हालांकि जब नीतीश मंच पर पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को नहीं देख, नाराजगी जाहिर की। 



दरअसल, नीतीश कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे और पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद जब वह मंच पर पहुंचे तो उन्होंने उमेश कुशवाहा के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। प्रदेश अध्यक्ष को वहां मौजूद नहीं देखकर नीतीश कुमार ने संजय झा और संजय गांधी से सवाल किया कि उमेश कुशवाहा कहां हैं? क्या आज भी नहीं आए हैं? आखिर वह कहां गए हैं?



इस पर संजय झा ने बताया कि उमेश कुशवाहा का कार्यक्रम दूसरे जिले में निर्धारित है और वह फिलहाल वहीं मौजूद हैं। जवाब सुनने के बाद नीतीश कुमार ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है? प्रदेश कार्यालय में तो उन्हें रहना चाहिए था।



इस दौरान नीतीश कुमार लगातार उमेश कुशवाहा की अनुपस्थिति को लेकर सवाल करते रहे। बताया जा रहा है कि वह पार्टी कार्यालय में मौजूद नेताओं को संबोधित किए बिना ही आगे बढ़ गए।



इतना ही नहीं, जब नीतीश कुमार अपनी गाड़ी में बैठने पहुंचे, तब भी उन्होंने उमेश कुशवाहा के बारे में जानकारी ली। जेडीयू कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष की गैरमौजूदगी को लेकर मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया अब राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना