Bihar Politics: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत अपनी सादगी और जीवनशैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनका पहनावा हो या बातचीत का अंदाज, हर जगह सादगी की झलक देखने को मिलती है। कई मौकों पर उन्हें बेहद सामान्य कपड़ों और हवाई चप्पल में देखा गया है। उनकी यही सादगी अक्सर चर्चा में रहती है। निशांत कुमार की एक और तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा है। इस तस्वीर में वह ट्रेन में सफर के दौरान पत्तल पर खाना खाते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) का स्थापना दिवस समारोह आयोजित होने जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत शनिवार को पटना जंक्शन से ट्रेन के जरिए वाराणसी रवाना हुए।
ट्रेन यात्रा के दौरान निशांत कुमार आम कार्यकर्ता की तरह पत्तल में खाना खाते दिखाई दिए। उनके पहनावे और अंदाज में कहीं से भी बड़े नेता वाली झलक नजर नहीं आई। न कोई विशेष तामझाम और न ही दिखावे का अंदाज। उनकी यही सादगी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
जेडीयू इस बार अपना स्थापना दिवस समारोह बिहार के बजाय उत्तर प्रदेश में मना रही है। वाराणसी रवाना होने से पहले निशांत कुमार ने इसके पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग और पार्टी कार्यकर्ता लंबे समय से राज्य में पार्टी का कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की मांग कर रहे थे। ऐसे में स्थापना दिवस समारोह से बेहतर अवसर और क्या हो सकता है। इसी वजह से पार्टी उत्तर प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार में बीजेपी की सहयोगी जेडीयू अब उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। निशांत कुमार ने भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।