Mukesh Sahani: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता देव ज्योति ने कुशीनगर में पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की प्रस्तावित प्रेस वार्ता से पहले होटल शिवायम पैलेस को पुलिस द्वारा सील किए जाने की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि आज अपराह्न तीन बजे होटल शिवायम पैलेस में मुकेश सहनी मीडिया को संबोधित करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने होटल को सील कर दिया। यह कार्रवाई पूरी तरह अलोकतांत्रिक, दुर्भावनापूर्ण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।
देव ज्योति ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है। विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि एक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से प्रेस वार्ता करने की भी अनुमति नहीं दी जाती, तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं, बल्कि हिटलरशाही जैसी कार्यशैली देखने को मिल रही है। वीआईपी इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती है और सरकार से मांग करती है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक दलों और नेताओं की आवाज़ को इस प्रकार दबाने का हर प्रयास जनता के अधिकारों का भी अपमान है।