Maithili Thakur Father Controversy: बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर विवादों में घिर गए हैं। दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड स्थित पोखरभिंडा पंचायत के ग्रामीणों ने उन पर सरकारी और निजी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर इलाके में विवाद गहराता जा रहा है।




ग्रामीणों का आरोप है कि रमेश ठाकुर ने ग्राम देवता के स्थल, सरकारी सड़क, नाले और निजी रैयती जमीन पर कब्जा किया है। इसके अलावा, शिकायत में बाउंड्री वॉल बनाने, सार्वजनिक रास्ते को बाधित करने और तालाब के नाले को मिट्टी से भरने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।




इस मामले में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी (CO) को लिखित आवेदन देकर जमीन की मापी कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन से जुड़े विवाद का उचित समाधान किया जाना चाहिए, ताकि सार्वजनिक रास्ते और अन्य सुविधाएं प्रभावित न हों।




वहीं, मामले पर अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि विवाद से जुड़े दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने और मामले की जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की जांच और जनता दरबार में होने वाली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। रमेश ठाकुर पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा