Lalu Prasad Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव इलाज के लिए सोमवार की दोपहर दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ उनकी बेटी और सांसद मीसा भारती भी दिल्ली गई हैं। लालू प्रसाद का आगे का इलाज दिल्ली स्थित एम्स में किया जाएगा।
बीते शुक्रवार शाम ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद लालू प्रसाद यादव को पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी मीसा भारती ने बताया था कि डॉक्टरों ने उनकी विस्तृत जांच की और हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव को अचानक चक्कर आने की शिकायत हुई थी। इसके बाद मीसा भारती और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें तत्काल आईजीआईएमएस लेकर पहुंचे, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया। इस दौरान उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी अस्पताल में मौजूद रहे।
डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रवाना होने से पहले कुछ समय तक घर पर निगरानी में रहने की सलाह दी थी। इसी क्रम में उन्हें आगे के उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया है। मीसा भारती ने बताया कि उनके पिता लालू प्रसाद का इलाज दिल्ली में ही चलता है, इसलिए हमलोग उन्हें दिल्ली ले जा रहे हैं।