Bihar Politics: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। यूपी और बिहार में लगातार बैठकें हो रही हैं, लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी पिछली बार की तरह अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी या किसी गठबंधन का हिस्सा बनेगी।



दरअसल, जनता दल यूनाइटेड (JDU) अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी संभावनाएं तलाशने में जुट गया है। चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार में पार्टी नेताओं की बैठकों का सिलसिला लगातार जारी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि JDU वर्ष 2022 की तरह अकेले चुनाव लड़ेगी या किसी गठबंधन के साथ मिलकर मैदान में उतरेगी।



2022 में NDA से नहीं बनी थी बात

वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले JDU की योजना NDA गठबंधन के घटक के रूप में चुनाव लड़ने की थी। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पार्टी ने अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया।



JDU ने 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 27 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। चुनाव में JDU का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और उसे महज 0.11 प्रतिशत वोट मिले। अधिकांश सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त हो गई थी।



पूर्वांचल की सीटों पर था ज्यादा जोर

2022 में JDU ने मुख्य रूप से पूर्वांचल की विधानसभा सीटों पर अपना फोकस रखा था। पार्टी ने जौनपुर की मल्हनी, मड़ियाहूं और मुंगरा बादशाहपुर, वाराणसी की रोहनिया और वाराणसी कैंट, चुनार, सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज और दुद्धी, कुशीनगर की तुमकुही राज और कुशीनगर, देवरिया की पथरदेवा, बलिया की फेफना, गाजीपुर की जहूराबाद और मुगलसराय समेत कई सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। इसके अलावा JDU ने लखनऊ कैंट, प्रयागराज की करछना और प्रतापपुर, प्रतापगढ़ की रानीगंज तथा रायबरेली की सलोन सीट से भी उम्मीदवार मैदान में उतारे थे।



2017 में भी भाजपा से गठबंधन की कोशिश

JDU ने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की तैयारी की थी। उस समय भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन सकी। अंततः JDU ने उस चुनाव में नहीं उतरने का फैसला किया था।



यूपी में बढ़ी JDU की सक्रियता

अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए JDU ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के यूपी प्रभारी श्रवण कुमार लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पार्टी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। हाल ही में यूपी के पार्टी नेताओं के साथ राजगीर में भी बैठक हुई। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की जा रही है।



फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि JDU कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बताया जा रहा है कि इस संबंध में शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके बाद ही यह तय होगा कि पार्टी किन-किन विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी और चुनाव अकेले लड़ेगी या गठबंधन के साथ।