Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल छह प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।
RJD बिहार के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की ओर से 11 सितंबर 2026 को जारी पत्र में इन उम्मीदवारों के नाम और संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी दी गई है। पार्टी की तरफ से जारी पत्र में बताया गया है कि दो सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर विचार किया जा रहा है।
आरजेडी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। RJD की ओर से छह उम्मीदवारों की घोषणा के बाद इन निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है। पार्टी की ओर से जारी सूची में शिक्षक और स्नातक दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। अब शेष दो सीटों पर पार्टी की ओर से किसे उम्मीदवार बनाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।