Bihar Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई थी. मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी है. मुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ा फैसला लिया है. तारापुर में पर्यटन के विकास को लेकर बिहार कैबिनेट ने कृषि विभाग की जमीन के हस्तांतरण की स्वीकृति दी है.
बिहार कैबिनेट ने कुछ शर्तों के साथ मुंगेर जिलान्तर्गत तारापुर में सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटकीय सुविधाएं विकसित करने के लिए कृषि विभाग की जमीन 15 एकड़ 01 डिसमिल भूमि जो तारापुर के मौजा गाजीपुर में अवस्थित है,उसे पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तान्तरण की स्वीकृति प्रदान की है.
इस स्थल के विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा ईशा फाण्डेशन, ईशा योग केन्द्र, वेल्लियांगिरी फुटहिल, कोयंबटूर, तमिलनाडु के साथ समझौता ज्ञापन (MOU) कर 1 रुपये के टोकन शुल्क पर लीज के माध्यम से 99 वर्ष के लिए उक्त भूमि हस्तान्तरित की जा सकेगी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के लिए प्राधिकृत किया जायेगा। निर्माण कार्य पर होने वाले खर्च का वहन ट्रस्ट द्वारा किया जायेगा। निर्माण के बाद उक्त स्थल का प्रबंधन भी ट्रस्ट के द्वारा ही की जायेगी. उक्त भूमि पर समेकित सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटकीय सुविधाओं के विकास से न केवल आस-पास के क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि कांवरिया पथ के श्रद्धालुओं को सुविधाओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.