Bihar Politics: यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर बिहार में सियासी हलचल के बीच डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अभी UCC के प्रावधानों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रावधान स्पष्ट होने के बाद उनका अध्ययन किया जाएगा और उसी के आधार पर आगे का रुख तय होगा।



विजय चौधरी ने कहा कि UCC को लेकर सामने आए बयान को उन्होंने पढ़ा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसके प्रावधान क्या होंगे। उन्होंने कहा कि पहले प्रावधानों को समझना जरूरी है, उसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।



डिप्टी सीएम ने बताया कि जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि प्रावधानों को आने दीजिए, उसके बाद देखा जाएगा कि उनसे किसी तरह की चिंता या परेशानी है या नहीं। अगर कोई आपत्ति या समस्या सामने आती है तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात कर उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।



उन्होंने कहा कि फिलहाल, UCC के प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण JDU ने इस मुद्दे पर अपना अंतिम रुख तय नहीं किया है। पार्टी का कहना है कि प्रावधान सामने आने और उनका अध्ययन होने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।