Bihar MLC Election: आम आदमी पार्टी (AAP) बिहार विधान परिषद की 8 खाली हो रही सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी ने इनमें से 4 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। बाकी 4 सीटों पर भी जल्द प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
AAP ने पटना स्नातक सीट से हिमांशु पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से शंभूनाथ ठाकुर चुनाव मैदान में होंगे। तिरहुत स्नातक सीट से ऋषि अग्रवाल और कोसी स्नातक सीट से वकील मैथ्यू देव को पार्टी ने टिकट दिया है।
AAP के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने गुरुवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी शेष चार सीटों पर भी जल्द अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करेगी। जिन चार सीटों पर AAP के उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है, उनमें पटना शिक्षक, सारण शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीट शामिल हैं।
राकेश यादव ने निर्वाचन आयोग से बिहार विधान परिषद चुनाव की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से कराने की मांग की। उन्होंने बिहार के जागरूक और शिक्षित मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील भी की।
आम आदमी पार्टी ने बिहार MLC चुनाव की सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी की ओर से फिलहाल 4 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, जबकि बाकी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम जल्द सामने आने की उम्मीद है।
बिहार के चुनावों में आमतौर पर सत्ताधारी NDA और विपक्षी महागठबंधन के बीच मुकाबला देखने को मिलता है। आगामी MLC चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उसके सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। अब AAP के मैदान में उतरने से इन सीटों पर मुकाबले में एक और राजनीतिक दल शामिल हो गया है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की खाली हो रही सभी 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 6 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है। वहीं, 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।