Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर वोटिंग के बाद आज मतगणना है। इस दौरान काउंटिंग सेंटर के बाहर भारी हंगामा हुआ है। हंगामे के बीच आरजेडी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह मतगणना केंद्र के बाहर पहुंचे और मतगणना में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए गड़बड़ी की आशंका जताई है।




पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आरजेडी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मतगणना केंद्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बारे में हमलोगों ने चुनाव आयोग को जानकारी दे दी है लेकिन वह भी कोई काम नहीं कर रहा है। यह वोट चोरी का मामला दिख रहा है। इसपर चुनाव आयोग को एक्शन लेना चाहिए।




उन्होंने कहा कि अगर चुनाव में पारदर्शिता चाहते हैं तो वहां सीसीटीवी लगवाया जाए। मैंने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है। अगर सीसीटीवी कैमरा लगा दिया जाता है तो इसका मतलब है कि आप निष्पक्ष चुनाव करा रहे हैं और नहीं तो आपकी मंशा खराब है।




आरजेडी उम्मीदवार ने कहा कि स्थिति संदिग्ध है। अभी तक काउंटिंग शुरू नहीं हुआ है। स्थिति गड़बड़ है और आउट ऑफ द वे जाकर काम किया जा रहा है। अभी सिर्फ बंडल बनाने का काम ही चल रहा है। काउंटिंग का प्रोसेस स्लो है और व्यवस्था ठीक नहीं है।

रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना