Bihar News: बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने एक बार फिर डॉ. नवल किशोर यादव पर भरोसा जताया है। आज प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नवल किशोर यादव को उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया। इस मौके पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि विजय के संकल्प के साथ NDA पूरी मजबूती से मैदान में है।
बता दें, नवल किशोर यादव लगातार छठी बार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे हैं. 5 अक्टूबर को वे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. मुखर और बेबाक वक्ता के रूप में पहचान रखने वाले नवल किशोर यादव वर्ष 1996 से लगातार पांच बार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से छक्का लगाने को इस बार भी पूरी मुश्तैदी से चुनावी मैदान में उतरे हैं.
वर्ष 1996 में उन्होंने पहली बार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा और विधान परिषद पहुंचे। इसके बाद वह लगातार पांच चुनाव जीतकर इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।
विधान परिषद में नवल किशोर यादव की पहचान शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले नेता के रूप में रही है। वह शिक्षकों के वेतन और सेवा संबंधी मामलों को लेकर भी अपनी बात मजबूती से रखते रहे हैं।नवल किशोर यादव का दावा है कि शिक्षकों का वेतन छह हजार रुपये से बढ़कर 56 हजार रुपये तक पहुंचाने में उनकी भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि इस बार भी पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता मालिक उन पर भरोसा जताएँगे और बड़े अंतर से जीताकर विधान परिषद भेजेंगे.