Bihar Politics: बिहार की आठ एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच जेडीयू के दो नेताओं के बीच घमासान छिड़ा हुआ है। मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह और एमएलसी नीरज कुमार आमने सामने आ गए हैं और बयानबाजी का दौरा चल रहा है। इसी बीच जेडीयू ने दोनों नेताओं का स्पष्ट मैसेज दे दिया है।
दरअसल, मोकामा विधायक अनंत सिंह ने स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को इस बार एमएलसी चुनाव किसी हाल में जीतने नहीं देंगे। अनंत सिंह के इस बयान के बाद पार्टी के अंदर खाने हड़कंप मच गया है। मामले को सेट करने के लिए दिल्ली से मुंगेर सांसद ललन सिंह पटना पहुंचे है। इस बीच रविवार को पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार ने ललन सिंह के आवास जाकर उनसे मुलाकात की।
सोमवार को नीतीश कुमार ने अपने करीबी मंत्री श्रवण कुमार ने बुलाया और इस मामले पर बात की। नीतीश कुमार और श्रवण कुमार के बीच करीब आधे घंटे तक मुलाकात हुई। जब इस पूरे मामले पर मंत्री श्रवण कुमार से पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह मीडिया का एजेंडा है। नीतीश कुमार ने हमको बुलाया था। उनसे कई लोग वहां मिलते हैं। फरियादी के तौर पर उनके विभाग के संबंधित कुछ काम होते हैं, जिनके कारण हमें बुलाया गया। इसका अनंत सिंह और नीरज कुमार की विवाद से कोई मतलब नहीं है।
अब जेडीयू के प्रदेश अध्यश्र उमेश सिंह कुशवाहा का बयान आया है। नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी में चल रही गतिविधियों पर शीर्ष नेतृत्व की नजर है। सब कुछ नेतृत्व के संज्ञान में है। किसी को भी अधिकार नहीं है कि पार्टी के गरिमा को धूमिल करें। पार्टी में किसी तरीके की कोई दिक्कत नहीं है, कोई मतभेद नहीं है।
रिपोर्ट- साहिल कुमार लिंगम, पटना