Bihar Politics: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही और लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के मामले में 11 चिकित्सकों की बर्खास्तगी के बाद प्रदेश के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी स्वास्थ्य विभाग के परिवार के सबसे महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उनके प्रति और उनके पवित्र पेशे के प्रति उनके मन में बेहद सम्मान है।



निशांत कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बिहार कैबिनेट की स्वीकृति के बाद कर्तव्यहीनता और लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्य विभाग के 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय लेना आसान नहीं था, लेकिन जिस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई, उसे देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करना आवश्यक हो गया था।



स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग का एकमात्र उद्देश्य प्रदेश की आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से अपील करते हुए कहा कि वे विभागीय परिवार के सबसे महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उनके प्रति और उनके पवित्र पेशे के प्रति उनके हृदय में अत्यंत सम्मान है। सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा, कुशलता और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।



निशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएंगे और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में योगदान करेंगे।