Bihar Politics: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? मंगलवार 14 अप्रैल को तय हो जाएगा। नए सीएम को चुनने के लिए बीजेपी और जेडीयू ने कल विधायक दल की बैठक बुला ली है। बीजेपी विधायक दल की बैठक मंगलवार को दोपहर 2 बजे बीजेपी कार्यालय में होगी जबकि उसी दिन जेडीयू विधायक दल की बैठक 12.30 बजे सीएम हाउस में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा।
दरअसल, बिहार की सियासत में नए मुख्यमंत्री और नेतृत्व को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक दल की बैठक की तारीख तय हो गई है, जिससे राज्य के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, राजधानी पटना में 14 अप्रैल को BJP विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। मंगलवार को दोपहर 2 बजे बीजेपी कार्यालय में बैठक आयोजित होगी। बैठक के लिए BJP संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
बैठक में पार्टी के सभी विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। विधायक दल के नेता का चयन सर्वसम्मति से किए जाने की संभावना है, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व की सहमति से ही लिया जाएगा। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया में केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका भी अहम रहेगी। पार्टी के भीतर कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं, लेकिन अभी तक किसी भी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। 14 अप्रैल की इस बैठक पर पूरे बिहार की नजरें टिकी हुई हैं।
उधर, जेडीयू में भी बैठकों का दौर जारी है। बीजेपी के साथ साथ जेडीयू ने भी विधायक दल की बैठक बुलाई है। कल 12.30 बजे जेडीयू विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना जाएगा। सियासत में इस बात की चर्चा है कि जेडीयू से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और विजय कुमार चौधरी नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। इसके बाद शाम पांच बचे एनडीए की बैठक होगी, जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी।