Bihar Politics: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को बिहार बीजेपी के कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में सड़क पर उतरे और विरोध मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी का पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश जताया।
विरोध मार्च में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता शामिल हुए। उनके हाथों में बैनर और पोस्टर थे। बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक कांग्रेस अध्यक्ष माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। सरावगी के मुताबिक, यह प्रदर्शन केवल बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों में भी विरोध जताया जा रहा है।
संजय सरावगी ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए मांग की कि खड़गे पूरे देश के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए माफी मांगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपनी गलती स्वीकार कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।