Bihar Assembly: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली से लेकर पटना तक छात्रों का आंदोलन जारी है। पटना में बुधवारा को छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया, जिसके बाद पुलिस ने उनके ऊपर लाठियां बरसाईं। बिहार विधानसभा की चौथे दिन की कार्यवाही के दौरान सदन में विपक्षी दलों ने लाठीचार्ज के खिलाफ भारी हंगामा मचाया, जिसके बाद 8 मिनट में ही स्पीकर ने कार्यवाही को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
दरअसल, बिहार विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने छात्रों के ऊपर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सत्ताधारी पक्ष के विधायक और विपक्षी विधायक आमने-सामने आ गए। हालात को बेकाबु होता देख स्पीकर ने मार्शल को आदेश दिया। जिसके बाद मार्शल ने हस्तक्षेप किया और विधायकों को शांत कराने की कोशिश की हालांकि विधायक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।
इस दौरान एक बीजेपी विधायक श्यामबाबू ने सदन में कहा कि, "वे छात्र नहीं, गुंडे थे। कल मेरी हत्या हो सकती थी।" विधायक के इस बयान के बाद सदन में विपक्ष ने भारी विरोध किया और हंगामा मचाने लगे। भारी हंगामे के बीच स्पीकर प्रेम कुमार ने दोपहर दो बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। पहली पाली में महज 8 मिनट ही सदन की कार्यवाही चल सकी।
बता दें कि बुधवार को पटना में छात्र संगठनों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भारी बवाल किया था। इस दौरान कुछ विधायकों की गाड़ी को निशाना बनाया गया और उनमें तोड़फोड़ भी की गई। इस मामले में 500 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है जबकि 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है।