Bihar News: बिहार के औरंगाबाद शहर स्थित वास्तु विहार सोसाइटी में चोरों ने एक ही रात में चार बंद मकानों को निशाना बनाया। इनमें बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का आवास भी शामिल है। चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि राजेश राम के घर से कितने और कौन-कौन से सामान चोरी हुए हैं, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, राजेश राम एक दिन पहले अपने घर में ताला लगाकर पटना के लिए रवाना हुए थे। रविवार शाम आवास की देखरेख करने वाले केयरटेकर जितन ने भी घर में ताला लगाया और अपने गांव चले गए। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता सूरज राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। राजेश राम के औरंगाबाद लौटने के बाद ही चोरी गए सामान की पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
चोरी की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार संदिग्ध बाउंड्री फांदकर सोसाइटी के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि संदिग्ध करीब एक घंटे तक सोसाइटी के अंदर रहे।
वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसी रास्ते से बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गए। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। चोरों ने राजेश राम के घर के अलावा तीन अन्य बंद मकानों को भी निशाना बनाया। सबसे बड़ी चोरी संतोष सिंह के घर में हुई, जहां से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, संतोष सिंह फिलहाल देवघर गए हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी अपने बेटे के साथ कर्मा रोड स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। सुबह जब वह वास्तु विहार स्थित आवास पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर अलमारी भी टूटी हुई थी और उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
इसके अलावा चोरों ने प्रदीप सिंह और बृजेश कुमार के बंद मकानों का भी ताला तोड़ा। दोनों घरों से चोरी हुए सामान की कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। घटना के बाद बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उनके घर से क्या चोरी हुआ, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है।
वास्तु विहार सोसाइटी में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 14 महीने पहले भी सोसाइटी के फेज-1 और फेज-2 में चोरी की घटनाएं हुई थीं। उस समय भी पुलिस ने जांच की थी, लेकिन अब तक चोरों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिलने की बात कही जा रही है।
एक बार फिर एक ही रात में चार घरों में चोरी होने के बाद सोसाइटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस CCTV फुटेज के साथ पुरानी चोरी की घटनाओं के रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।