Khesari Lal Yadav: छपरा में चर्चित पंकज यादव हत्याकांड के बाद भोजपुरी फिल्म जगत के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। खेसारी के पहुंचते ही घर का माहौल बेहद भावुक हो गया। उन्हें देखते ही पंकज यादव की मां और पत्नी फफक-फफक कर रो पड़ीं।
यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। खेसारी लाल यादव ने पंकज यादव के दोनों मासूम बेटों को गले लगाकर ढांढस बंधाया और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की तथा कहा कि न्याय दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
परिवार को सांत्वना देते हुए खेसारी लाल यादव ने भावुक होकर पंकज यादव की मां से कहा, "मां, आपका यह बेटा जिंदा है।" उनके इस बयान से वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो उठे।
गौरतलब है कि पंकज यादव की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में एक मां ने अपना बेटा, एक पत्नी ने अपना जीवनसाथी और दो मासूम बच्चों ने अपने पिता को खो दिया।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा