Elvish Yadav Extortion Threat: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव को 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दी गई है। विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर उनसे दो दिन के भीतर रकम देने को कहा गया। पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई है।
एल्विश यादव की शिकायत के आधार पर सेक्टर-56 थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में एल्विश यादव ने बताया कि 5 मई को उनके पास एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी, जिसे वह रिसीव नहीं कर सके। इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से उन्हें व्हाट्सएप मैसेज मिला।
मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने दो दिन के भीतर रकम देने की चेतावनी दी और ऐसा नहीं करने पर गोली मारने की धमकी दी।
एल्विश यादव ने पुलिस को बताया कि यही धमकी भरा मैसेज उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। एल्विश यादव देश के लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। उन्हें बिग बॉस ओटीटी-2 से खास पहचान मिली, जहां दर्शकों ने उन्हें काफी पसंद किया और वह शो के विजेता बने।
इन दिनों एल्विश यादव टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में नजर आ रहे हैं। शो में उनकी जोड़ी अभिनेता करण कुंद्रा के साथ है। दोनों की जोड़ी पहले भी ‘लाफ्टर शेफ’ का एक सीजन जीत चुकी है। नए सीजन में भी दर्शक दोनों को काफी पसंद कर रहे हैं। शो में एल्विश अपनी कॉमेडी और कुकिंग स्टाइल से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।