DESK: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर से जुड़ा बताया था। हालांकि, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की जांच में धमकी भरे कॉल की आवाज हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल से मेल नहीं खाई। पुलिस को आशंका है कि किसी ने गैंग का नाम लेकर तुषार कपूर को डराने की कोशिश की है।
तुषार कपूर बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता जितेंद्र और फिल्म प्रोड्यूसर शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी प्रोड्यूसर हैं। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर से जुड़ा बताया और तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपए की मांग की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषार कपूर ने इस धमकी की जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। पुलिस ने इस आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से कराया। जांच में दोनों आवाजों के बीच कोई समानता नहीं मिली।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, आवाज का मिलान नहीं होने से आशंका है कि किसी ने लॉरेंस गैंग का नाम इस्तेमाल कर तुषार कपूर को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की है। फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने धमकी भरा कॉल या ऑडियो भेजा था।
हैरी बॉक्सर पर कई फिल्मी हस्तियों को धमकाने का आरोप
दरअसल, लॉरेंस गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर पर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों को धमकी देने के आरोप लग चुके हैं। इनमें अभिनेता रणवीर सिंह का नाम भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैरी बॉक्सर ने रणवीर सिंह के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर रणवीर सिंह और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
इसके अलावा, फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के पीछे भी हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। इस घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर एक वॉइस नोट के जरिए ली गई थी। पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में सलमान खान से उनकी नजदीकियों का जिक्र करते हुए दिल्ली स्थित उनके एक जिम पर फायरिंग करवाने की बात कही गई थी। साथ ही उन्हें आगे के लिए चेतावनी भी दी गई थी। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा भी गैंग के निशाने पर रह चुके हैं। कनाडा में उनके कैफे पर फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।