JHARKHAND: झारखंड के देवघर में चोरों के बेखौफ होने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। देर रात कार से पहुंचे 5 चोरों ने सड़क किनारे लगे एक ATM को रस्सी और पट्टे की मदद से कार से बांधा और खींचकर मशीन ही उखाड़ ली।
इसके बाद चोर ATM मशीन को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए और फिर कार में लादकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कार से बांधकर उखाड़ लिया ATM
वायरल CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सफेद रंग की कार से 4-5 लोग ATM के पास पहुंचते हैं। एक व्यक्ति कार में रहता है, जबकि बाकी लोग ATM मशीन को कार से बांधने में जुट जाते हैं।
चोर मजबूत पट्टे वाली रस्सी को ATM मशीन से बांधते हैं। इसके बाद कार को पीछे लेकर जाकर मशीन को जोर से खींचा जाता है। कार के जोर लगाने के बाद ATM मशीन अपनी जगह से उखड़कर बाहर आ जाती है।
पहले सड़क पर घसीटी, फिर कार में लादकर भागे
ATM मशीन उखाड़ने के बाद चोर उसे कुछ दूर तक सड़क पर घसीटते हुए ले जाते हैं। इसके बाद मशीन को कार में लादा जाता है और सभी आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। घटना के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी दिखाई दे रही है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ CCTV फुटेज
ATM चोरी की पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने लिखा कि गजब की निंजा टेक्नोलॉजी अपना रहे है चोर इनको पुलिस का जरा सा भी भय नहीं है लगता है।
कुछ लोगों ने चोरों के दुस्साहस पर सवाल उठाए, जबकि कुछ यूजर्स ने देवघर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी टिप्पणी की। एक यूजर ने लिखा कि वीडियो देखकर लगता है कि चोरों को पुलिस का डर नहीं है। वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी टिप्पणी की कि कई लोग मिलकर भी ATM मशीन को सीधे नहीं उठा सके और उसे कार से खींचकर ले जाना पड़ा। फिलहाल वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झारखंड के देवघर में शटर तोड़कर ATM को कार से बांधकर खींचकर ले गए चोर... https://t.co/jrSKZrIMNW
— Gaurav Kumar (@gaurav1307kumar) October 6, 2026