WhatsApp Username Feature: WhatsApp के नए Username फीचर को लेकर देशभर में चर्चा और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इस बीच भारत सरकार ने बुधवार को कंपनी को नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही सरकार ने फिलहाल इस फीचर के रोलआउट पर रोक लगाने को कहा है। इसी बीच WhatsApp ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर यूजरनेम फीचर से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या WhatsApp Username लेना जरूरी होगा? इसका जवाब देते हुए कंपनी ने स्पष्ट किया कि नहीं, यह फीचर पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) है। यूजर चाहे तो यूजरनेम बना सकता है और चाहे तो बिना यूजरनेम के भी WhatsApp का इस्तेमाल पहले की तरह जारी रख सकता है।
कंपनी ने यह भी बताया कि फिलहाल यूजरनेम के जरिए मैसेज भेजने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। भविष्य में जब यह फीचर शुरू होगा, तब किसी नए व्यक्ति द्वारा यूजरनेम के माध्यम से भेजे गए पहले संदेश के साथ उसके देश की जानकारी दिखाई जाएगी। साथ ही पहली बार आने वाले ऐसे मैसेज पर यूजर को एक सुरक्षा अलर्ट भी मिलेगा।
WhatsApp ने अपने पोस्ट में साफ किया है कि यूजरनेम फीचर अभी आधिकारिक रूप से लॉन्च नहीं हुआ है। फिलहाल कंपनी ने केवल यूजरनेम रिजर्व (Reserve) करने की सुविधा शुरू की है। कंपनी का कहना है कि कई यूजर्स अपने पसंदीदा यूजरनेम को सुरक्षित रखना चाहते हैं, इसलिए यह विकल्प पहले उपलब्ध कराया गया है।
WhatsApp के मुताबिक, कंपनी इस फीचर को जल्दबाजी में लॉन्च नहीं करना चाहती। यूजर्स से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसे बेहतर बनाकर इस साल के अंत तक आधिकारिक रूप से लॉन्च करने की योजना है। फिलहाल यह सुविधा केवल यूजरनेम रिजर्व करने तक सीमित है।