West Bengal Re-polling: पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार को दोबारा वोटिंग कराई जा रही है। चुनाव आयोग ने मतदान में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया है। विशेष चुनाव पर्यवेक्षक की सिफारिश पर इन बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथ (117, 179, 194, 243) और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथ (46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232) पर री-पोलिंग हो रही है। आयोग ने स्पष्ट किया कि इन मतदान केंद्रों पर पहले हुई वोटिंग को रद्द कर दिया गया है।
यह फैसला 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के बाद रिटर्निंग ऑफिसर और ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया। आयोग ने रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल एक्ट, 1951 की धारा 58(2) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रभावित बूथों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया। दोबारा मतदान 2 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जा रहा है।
फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम में टेप चिपकाने के आरोप पर अभी निर्णय लंबित है। आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक, इस मामले में रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और इस पर फैसला शनिवार को लिया जा सकता है।
इन बूथों पर बड़े पैमाने पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। भारतीय जनता पार्टी ने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सीटों पर धांधली का आरोप लगाया था, जिसके बाद चुनाव आयोग ने जांच के लिए विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि बीजेपी संभावित हार से बचने के लिए पुनर्मतदान की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से मतदाताओं को अनावश्यक रूप से दोबारा मतदान की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। दूसरी ओर, बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर धांधली हुई थी और चुनाव आयोग का पुनर्मतदान कराने का फैसला स्वागत योग्य है।