DESK: पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर अब ‘पश्चिम बंग’ करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को विधानसभा में राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। वहीं, विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा।


मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।


बीजेपी ने बताई नाम बदलने की वजह

पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने के पीछे बीजेपी राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखने का तर्क दे रही है। दरअसल, 1947 में बंगाल के बंटवारे के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा, जिसके बाद पश्चिम बंगाल राज्य का गठन हुआ।


बीजेपी का कहना है कि ‘पश्चिम बंगा’ नाम राज्य के इतिहास और उसकी पहचान को बेहतर तरीके से दर्शाता है। पार्टी के कुछ नेताओं ने ‘बांग्ला’ नाम पर भी आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि यह नाम बांग्लादेश से मिलता-जुलता है।


इससे पहले भी 1999 और 2011 में पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के प्रस्ताव सामने आ चुके हैं, लेकिन तब यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।


देश में अब तक 6 राज्यों के बदले जा चुके हैं नाम

भारत में इससे पहले भी कई राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तराखंड, ओडिशा और केरल शामिल हैं।

1950 में यूनाइटेड प्रोविंसेज का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश किया गया।

1969 में मद्रास का नाम बदलकर तमिलनाडु रखा गया।

1973 में मैसूर का नाम बदलकर कर्नाटक किया गया।

2007 में उत्तरांचल का नाम बदलकर उत्तराखंड किया गया।

2011 में उड़ीसा का नाम बदलकर ओडिशा किया गया।

2026 में केरल का नाम बदलकर केरलम किया गया।


अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का प्रस्ताव सामने आया है। अगर यह प्रक्रिया पूरी होती है तो पश्चिम बंगाल देश का सातवां ऐसा राज्य होगा, जिसका नाम बदला जाएगा।


कैसे बदला जाता है किसी राज्य का नाम? जानिए 5 चरण

किसी राज्य का नाम बदलने के लिए एक संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करना होता है। इसके तहत पांच प्रमुख चरण होते हैं।


1. राज्य सरकार तैयार करती है प्रस्ताव

सबसे पहले राज्य सरकार या विधानसभा राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव तैयार करती है। आमतौर पर इसकी शुरुआत राज्य सरकार की पहल से होती है।

2. केंद्र सरकार करती है प्रस्ताव की जांच

राज्य से प्रस्ताव मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय उस पर विचार करता है। जरूरत पड़ने पर संबंधित मंत्रालयों और विभागों से भी राय ली जाती है।

3. राष्ट्रपति विधानसभा से मांगते हैं राय

केंद्र सरकार की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति संबंधित राज्य की विधानसभा को प्रस्ताव भेजते हैं। विधानसभा को तय समय सीमा के भीतर इस पर अपनी राय देनी होती है।

4. संसद में पेश होता है विधेयक

इसके बाद राष्ट्रपति की सिफारिश पर राज्य का नाम बदलने से जुड़ा विधेयक संसद में पेश किया जाता है। इसे लोकसभा और राज्यसभा दोनों से पारित कराना जरूरी होता है।

5. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बदलता है नाम

संसद के दोनों सदनों से विधेयक पारित होने के बाद इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाता है। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद यह कानून बन जाता है और राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदल जाता है।


फिलहाल पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाने की तैयारी है। इसके बाद प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने पर ही राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदलेगा।