DESK: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले से एक दिलचस्प खबर सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने 15 साल के बेटे को नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छे नंबर लाने पर 2.30 करोड़ रुपये की BMW M4 Competition कार गिफ्ट कर दी। चावल कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने अपने बेटे मोहम्मद तलहा की इच्छा पूरी करने के लिए यह महंगी कार खरीदी है।


दरअसल, तलहा काफी समय से अपने पिता से BMW कार दिलाने की मांग कर रहा था। पिता ने उससे वादा किया था कि अगर वह परीक्षा में अच्छे नंबर लाएगा तो उसकी इच्छा जरूर पूरी करेंगे। परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद तलहा ने अच्छे अंक हासिल किए और पिता ने अपना वादा निभाते हुए उसे 2.30 करोड़ रुपये की लग्जरी कार गिफ्ट कर दी।


शम्सुद्दीन ने बेटे के लिए मुंबई के अंधेरी स्थित एक प्रीमियम शोरूम से BMW M4 Competition खरीदी। शुक्रवार को कार को विशेष कंटेनर में रखकर उनके गांव पराज लाया गया। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, तलहा की उम्र अभी महज 15 साल है, इसलिए वह कानूनी रूप से कार नहीं चला सकता। 


तलहा का कहना है कि फिलहाल उसका पूरा ध्यान पढ़ाई पर रहेगा। वह सप्ताह में एक दिन अपने पिता के साथ कार में बैठकर घूमने जाएगा।


कभी मुंबई में करते थे लाइटमैन का काम, आज विदेशों तक कारोबार

शम्सुद्दीन मिद्या की सफलता की कहानी भी काफी दिलचस्प है। साल 2003 में वह रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे। वहां उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के सेट पर करीब सात साल तक लाइटमैन के रूप में काम किया। इसके बाद 2010 में वह अपने गांव लौट आए और चावल का छोटा कारोबार शुरू किया।


धीरे-धीरे मेहनत और लगन से उन्होंने कारोबार को आगे बढ़ाया। आज गलसी इलाके में उनकी तीन बड़ी राइस मिल हैं। उनका चावल कारोबार भारत के बाहर भी फैल चुका है। वह वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर और दुबई समेत कई देशों में चावल का निर्यात करते हैं।


लग्जरी कारों के शौकीन हैं शम्सुद्दीन

शम्सुद्दीन को महंगी और लग्जरी गाड़ियों का भी शौक है। उनके कार कलेक्शन में पहले से रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार और हुंडई अल्काजार जैसी गाड़ियां शामिल हैं। उनकी ज्यादातर गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आखिरी तीन अंक 555 हैं। यह नंबर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की गाड़ियों के नंबर से भी जुड़ा हुआ है।


शम्सुद्दीन अपनी सफलता का श्रेय ऊपरवाले की मेहरबानी और अपनी मेहनत को देते हैं। बताया जाता है कि वह जरूरतमंद लोगों की गुप्त रूप से आर्थिक मदद भी करते हैं। फिलहाल, 15 साल के तलहा को मिले 2.30 करोड़ रुपये की BMW का यह तोहफा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।