Missing Parrot: वाराणसी की गलियों में इन दिनों एक खास गुमशुदा की तलाश हो रही है। उसकी खोज में जगह-जगह पोस्टर लगाए जा रहे हैं। परिवार के लोग गलियों और मोहल्लों में घूम रहे हैं। इतना ही नहीं, उसे खोजकर वापस लाने वाले के लिए 11 हजार रुपये के नकद इनाम का भी ऐलान किया गया है। लेकिन यह कोई इंसान नहीं, बल्कि एक पालतू तोता है। उसका नाम है- एलेक्स।



वाराणसी के दारानगर इलाके में रहने वाले मौर्य परिवार का पालतू तोता एलेक्स पिछले 10 साल से उनके साथ रह रहा था। परिवार के लिए वह महज एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि घर का सदस्य बन चुका था। उसकी मौजूदगी से घर में रौनक बनी रहती थी। लेकिन 16 नवंबर को एक हादसे ने परिवार को उससे अलग कर दिया।



दरअसल, मौर्य परिवार के घर में टाइल्स लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीनों की तेज आवाज से एलेक्स घबरा गया और अचानक उड़कर कहीं चला गया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह नजरों से ओझल हो चुका था। शुरुआत में परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की और संभावित जगहों पर भी खोजबीन की, लेकिन एलेक्स का कहीं पता नहीं चला। आखिरकार परिवार ने उसे खोजने के लिए पोस्टर लगवाने का फैसला किया।



एलेक्स को वापस पाने के लिए अरविंद मौर्य, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्य इन दिनों वाराणसी की गलियों में पोस्टर लगा रहे हैं। पोस्टरों पर एलेक्स की तस्वीर के साथ उसे खोजकर वापस लाने वाले को 11 हजार रुपये नकद देने की घोषणा की गई है। परिवार की कोशिश है कि ये पोस्टर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचें। उन्हें उम्मीद है कि किसी ने एलेक्स को कहीं देखा होगा। हो सकता है वह किसी की छत पर बैठा हो या किसी पेड़ पर दिखाई दे जाए।



अरविंद मौर्य अपने उस साथी को हर हाल में वापस पाना चाहते हैं, जो पिछले एक दशक से उनके परिवार का हिस्सा था। एलेक्स के लापता होने से पूरा परिवार परेशान है। इस कहानी का एक भावुक पहलू यह भी है कि मौर्य परिवार के घर में एक डॉगी भी है, जो दिनभर एलेक्स के साथ रहता था। दोनों को एक-दूसरे की आदत हो गई थी। अब एलेक्स के गायब होने के बाद डॉगी भी उदास रहने लगा है। एलेक्स की मालकिन शिखा मौर्य बताती हैं कि उसके रहने से घर में हमेशा रौनक बनी रहती थी। अब उसके जाने के बाद घर में सन्नाटा पसरा है। परिवार का किसी काम में मन नहीं लग रहा। शिखा के मुताबिक, एलेक्स के लापता होने से परिवार इतना दुखी है कि घर में चूल्हा तक जलना बंद हो गया है।



एलेक्स का घर से उड़ जाना परिवार के लिए पहली घटना नहीं है। अरविंद मौर्य के मुताबिक, साल 2019 में भी एलेक्स घर से उड़ गया था। उस समय परिवार ने काफी तलाश की थी। आखिरकार वह वाराणसी के खजूरी इलाके में मिला था। तब उसे खोजकर वापस लाने वाले व्यक्ति को 5,100 रुपये का इनाम दिया गया था। इस बार परिवार ने 11 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अरविंद मौर्य का कहना है कि अगर इतनी रकम देने के बाद भी एलेक्स वापस नहीं मिलता है तो इनाम बढ़ाकर 21 हजार रुपये कर दिया जाएगा। इसके अलावा उसे वापस लाने वाले को एक अलग गिफ्ट भी दिया जाएगा।



फिलहाल मौर्य परिवार की एलेक्स की तलाश जारी है। परिवार के सदस्य जगह-जगह पोस्टर लगा रहे हैं और आसपास के इलाकों में उसे खोज रहे हैं। उनकी लोगों से अपील है कि अगर किसी को एलेक्स कहीं दिखाई दे तो तुरंत परिवार को इसकी जानकारी दें। एलेक्स बोल नहीं सकता, अपना पता नहीं बता सकता और न ही किसी को फोन करके अपनी जगह बता सकता है। परिवार के पास अब उसकी तस्वीर वाले पोस्टर, 11 हजार रुपये के इनाम की घोषणा और उसे वापस पाने की उम्मीद ही बची है। मौर्य परिवार को उम्मीद है कि काशी की किसी गली, किसी छत या किसी पेड़ से एक दिन फिर एलेक्स की आवाज सुनाई देगी और 10 साल से उसके इंतजार में बैठा घर एक बार फिर गुलजार हो जाएगा।