DESK:वाराणसी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 20 साल के युवक ने होटल के कमरे में अपनी 23 साल की साली की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि युवक उससे शादी करना चाहता था। वह अपने साथ सिंदूर की डिब्बी लेकर होटल पहुंचा था, लेकिन युवती ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पति-पत्नी बनकर दोनों ने होटल में कमरा बुक कराया था। घटना यूपी के वाराणसी स्थित बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित केजे इंटरनेशनल होटल की है।
मृतक की पहचान जय विकास के रूप में हुई है, जबकि युवती का नाम प्रिया केसरी था। जय विकास उम्र में प्रिया से तीन साल छोटा था। प्रिया की बड़ी बहन नीतू की शादी करीब पांच साल पहले जय विकास के बड़े भाई से हुई थी। इसी रिश्ते के दौरान जय और प्रिया के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों का प्रेम संबंध हो गया।
परिजनों के मुताबिक, परिवार को भी उनके रिश्ते की जानकारी थी। हालांकि, उम्र में छोटा होने के कारण जय विकास से प्रिया की शादी नहीं हो सकी। परिवार ने प्रिया की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी और उसकी सगाई भी हो चुकी थी। जनवरी में उसकी शादी होने वाली थी। इसी बात को लेकर जय विकास नाराज था।
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे प्रिया घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। वह बड़ागांव स्थित अनन्या ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। इसके बाद वह जय विकास के साथ होटल पहुंच गई। दोनों ने दोपहर करीब एक बजे होटल में पति-पत्नी के रूप में कमरा बुक कराया। एंट्री रजिस्टर में आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान दर्ज कराई और फिर कमरे में चले गए। दोनों ने खाने-पीने का सामान भी ऑर्डर किया था।
इधर, देर शाम तक प्रिया घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तो उसकी लोकेशन बाबतपुर इलाके में मिली।
रात करीब 10 बजे होटल का कर्मचारी डिनर का ऑर्डर लेने कमरे के बाहर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों के परिजनों को लेकर होटल पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई।
अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। बाथरूम के पास प्रिया का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था। वहीं, जय विकास का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। उसने प्रिया के दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस को घटनास्थल से सिंदूर की एक डिब्बी भी मिली है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि जय विकास प्रिया से शादी करने के इरादे से होटल पहुंचा था। लेकिन उसके इनकार करने पर उसने हत्या कर दी और फिर खुद भी जान दे दी। हालांकि, वारदात की असली वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट लिए गए हैं और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मृतक जय विकास मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बीएलडब्ल्यू का रहने वाला था। वह आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था और साथ ही अपने पिता की परचून की दुकान में भी हाथ बंटाता था।
उसके पिता राज प्रकाश केसरी ने बताया कि सोमवार को जय कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर में फोन करने पर उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन शाम को उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। देर रात पुलिस के फोन से उन्हें इस घटना की जानकारी हुई।
वहीं, प्रिया के पिता नंदलाल केसरी उर्फ नप्पल चाट बेचने का काम करते हैं। उसके दो भाई पंकज और अमित हैं। फिलहाल पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी है। होटल में मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।