Vande Bharat Food Controversy: वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री के खाने में लोहे का बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने इसकी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कर रेलवे से शिकायत की। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वहीं, IRCTC ने इस घटना पर माफी मांगते हुए संबंधित कैटरिंग सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
यह घटना शनिवार, 28 नवंबर को सामने आई। जानकारी के मुताबिक, समर्थ कोडियाल नाम के यात्री बेंगलुरु से बेलगावी की यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खाने के वड़े में उन्हें लोहे का एक बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने वड़े को दो टुकड़ों में तोड़कर उसके पास रखे धातु के बोल्ट की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में संबंधित रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए लिखा कि बेंगलुरु से बेलगावी जाते समय वंदे भारत के खाने में वड़े के अंदर एक बड़ा बोल्ट मिला है। यह खाने की गुणवत्ता में बेहद गंभीर कमी है। उन्होंने रेलवे से मामले की जांच करने की अपील की।
यात्री की शिकायत सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने रेलवे में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की लापरवाही सामने आने से रेलवे कैटरिंग की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
यात्री की शिकायत पर इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने जवाब देते हुए हुई परेशानी पर खेद जताया और माफी मांगी। IRCTC ने बताया कि कैटरिंग सेवा के लिए जिम्मेदार सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही किचन स्टाफ को निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
IRCTC ने संबंधित अधिकारियों को किचन यूनिट का पूरी तरह निरीक्षण करने और भोजन तैयार करने से पहले सभी उपकरणों की उचित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। रेलवे कैटरिंग कॉर्पोरेशन के मुताबिक, इन कदमों का उद्देश्य भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकना और यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की खानपान व्यवस्था और यात्रियों की खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।