देहरादून: उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। चारधाम यात्रा शनिवार दोपहर से रविवार तक स्थगित रहेगी। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।


गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। ऐसे में देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।


शनिवार को पांच जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 26 सितंबर को उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर शामिल हैं। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए येलो अलर्ट है।


रविवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

27 सितंबर यानी रविवार को भी उत्तराखंड में मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।


मौसम सामान्य होने के बाद शुरू होगी यात्रा

प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मौसम सामान्य होने तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित रखने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।


बता दें कि चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और अन्य जोखिमों की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है। मौसम में सुधार के बाद प्रशासन स्थिति की समीक्षा करेगा। इसके बाद परिस्थितियों के अनुसार ही चारधाम यात्रा फिर से शुरू करने का फैसला लिया जाएगा।