Helicopter Crash: उत्तराखंड में एक दर्दनाक हादसे में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत (Trans Bharat) कंपनी का हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से दर्शन कराकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास चाई गांव की पहाड़ी के नजदीक हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया। शुरुआत में हेलिकॉप्टर के लापता होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन सर्च ऑपरेशन के दौरान उसके क्रैश होने की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX था। इसमें पायलट के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा के रूप में बताई गई है। हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई।
हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई। अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि हादसे के बाद क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं।
जोशीमठ के पास हुए इस दर्दनाक हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर चाई गांव के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की घटना को दुखद बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट करने के प्रयास की भी बात कही।