Indian Railways: उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अयोध्या कैंट–अकबरपुर–जफराबाद खंड पर स्थित जौनपुर जंक्शन स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा और कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी अवश्य जांच लें।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार, 4 से 27 मई के बीच चलने वाली 22435 पटना–गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को जफराबाद–शाहगंज–अयोध्या कैंट के बजाय जफराबाद–सुल्तानपुर–अयोध्या कैंट मार्ग से चलाया जाएगा। इस बदलाव के कारण ट्रेन का ठहराव अयोध्या धाम स्टेशन पर नहीं रहेगा।
इसी तरह, 14 और 21 मई को चलने वाली 14017 रक्सौल–आनंद विहार एक्सप्रेस को भी बदले हुए मार्ग जफराबाद–सुल्तानपुर–लखनऊ से संचालित किया जाएगा। इस दौरान जौनपुर, शाहगंज, अकबरपुर, गोसाईगंज, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, रूदौली और बाराबंकी स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।
वहीं, 6, 13 और 20 मई को चलने वाली 14018 आनंद विहार–रक्सौल एक्सप्रेस को लखनऊ–सुल्तानपुर–जफराबाद मार्ग से चलाया जाएगा, जिससे बाराबंकी, रूदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोसाईगंज, अकबरपुर, शाहगंज और जौनपुर स्टेशनों पर ठहराव प्रभावित रहेगा।
इसके अलावा, 7, 14 और 21 मई को चलने वाली 13435 मालदा टाउन–गोमतीनगर एक्सप्रेस भी बदले हुए मार्ग से चलाई जाएगी और जौनपुर, शाहगंज तथा अयोध्या धाम स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।
जौनपुर यार्ड में मरम्मत कार्य के चलते लखनऊ–वाराणसी इंटरसिटी (ट्रेन संख्या 04217/04218) को 13 से 27 मई तक रद्द कर दिया गया है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि यह ट्रेन लखनऊ और वाराणसी के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है।