Boiler Blast: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में स्थित श्री सिटी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक दवा बनाने वाली फैक्ट्री में रात की ड्यूटी के दौरान अचानक बॉयलर फट गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।



जानकारी के अनुसार, यह हादसा दवा बनाने वाली कंपनी ‘टिल हेल्थकेयर’ में हुआ। बॉयलर फटने के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे कई मजदूर आ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य मजदूरों ने तडा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।



मृतकों में से दो की पहचान सत्यवेदु मंडल के चेरिबी गांव निवासी चिन्ना मस्तान (45) और तमिलनाडु के मदरापक्कम निवासी रमेश (45) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।



आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और शिक्षा एवं आईटी मंत्री नारा लोकेश ने श्री सिटी की निजी फैक्ट्री में हुए बॉयलर हादसे में मजदूरों की मौत और घायल होने पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। वहीं, मंत्री नारा लोकेश ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहायता के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।