DESK: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के 17 साल बाद एक महिला को दूसरे युवक से प्यार हो गया। महिला ने जब अपने पति से प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई, तो पति ने विरोध करने के बजाय उसकी बात स्वीकार कर ली।
इतना ही नहीं, पति की मौजूदगी में तहसील में कागजी कार्रवाई पूरी की गई और फिर मंदिर में महिला ने अपने प्रेमी के साथ जयमाल पहनाई। इस महिला के दो बेटे भी हैं। अब पति ने दोनों बेटों के साथ रहने का फैसला किया है। आइए जानते हैं, आखिर क्या है पूरा मामला?
मामला सीतापुर जिले के मिश्रिख तहसील क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, विपिन भार्गव प्राइवेट नौकरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी 12 मार्च 2009 को रेखा भार्गव से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए। बड़ा बेटा शिवम 16 साल का है, जबकि छोटा बेटा रोहन 14 साल का है।
बताया जा रहा है कि रेखा को फिल्मी गानों पर रील बनाने का शौक था। वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपनी रील पोस्ट करती थी। इसी दौरान फेसबुक के जरिए उसकी पहचान अंबेडकर नगर के रहने वाले राहुल कुमार उपाध्याय से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर लिए। धीरे-धीरे फोन पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
इसी बीच एक दिन रेखा अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पति विपिन ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। करीब 22 दिन बाद, 14 अक्टूबर को रेखा वापस घर लौटी। जब विपिन ने उससे पूछताछ की, तो उसने राहुल के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया। साथ ही उसने राहुल के साथ रहने की इच्छा भी जाहिर कर दी।
पत्नी की बात सुनने के बाद विपिन ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की और उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने देने का फैसला किया। इसके बाद राहुल कुमार उपाध्याय को सीतापुर के मिश्रिख बुलाया गया। यहां राहुल ने भी रेखा के साथ रहने की इच्छा जताई।
शनिवार शाम करीब पांच बजे मिश्रिख तहसील परिसर में जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद तीनों हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां रेखा और राहुल ने एक-दूसरे को जयमाल पहनाई। इस दौरान विपिन भी वहां मौजूद रहा। शादी की रस्म पूरी होने के बाद राहुल अपने साथ आए चार लोगों के साथ रेखा को लेकर दिल्ली चला गया।
विपिन का कहना है कि अब उसका रेखा से कोई लेना-देना नहीं है और वह अपने दोनों बेटों के साथ रहेगा। शादी के 17 साल बाद सामने आई इस प्रेम कहानी और पति के फैसले की इलाके में काफी चर्चा हो रही है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों बेटों के भविष्य और उनकी जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।