DESK: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिछले 10 दिनों से नींद नहीं आने से परेशान एक महिला आधी रात करीब 1 बजे पुलिस थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिसकर्मियों से अपनी शिकायत दर्ज करने की जिद की। उसका कहना था कि जब उसे कहीं से राहत नहीं मिली, तो वह अपनी परेशानी लेकर पुलिस के पास पहुंची है।
थाने में हथकड़ी लेकर जाने लगी महिला
मामला भौंती थाना क्षेत्र का है। महिला ने थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों से तत्काल रिपोर्ट लिखने को कहा। इसी दौरान उसने थाने में रखी हथकड़ी उठा ली और उसे लेकर जाने लगी। महिला की इस हरकत से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत कराया और उसकी परेशानी जानने की कोशिश की।
CM हेल्पलाइन में भी की थी शिकायत
बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि उसे पिछले 8 से 10 दिनों से नींद नहीं आ रही है। इस परेशानी को लेकर उसने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन वहां से कोई समाधान नहीं मिला। इसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी और उन्हें थाने बुलाया।
परिजनों ने बताया- चल रहा है इलाज
थाना प्रभारी घनश्याम धाकड़ के मुताबिक, महिला के परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति में उतार-चढ़ाव रहता है और उसका इलाज चल रहा है। पहले भी वह इस तरह की असामान्य हरकतें कर चुकी है। कभी उसकी तबीयत सामान्य रहती है, तो कभी उसकी स्थिति बिगड़ जाती है। पुलिस ने परिजनों को महिला की उचित देखभाल करने और उसका इलाज जारी रखने की समझाइश दी। इसके बाद महिला को सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया।
डॉक्टर बोले- कई दिनों तक नींद नहीं आना गंभीर समस्या हो सकती है
मनोचिकित्सक डॉ. योगेंद्र रघुवंशी के अनुसार, लगातार कई दिनों तक नींद नहीं आना केवल थकान या दिनचर्या बिगड़ने का मामला नहीं है। इसके पीछे तनाव, चिंता, अवसाद, दवाओं का असर या अन्य शारीरिक और मानसिक कारण हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक पर्याप्त नींद नहीं लेने से व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता, व्यवहार और भावनात्मक संतुलन प्रभावित हो सकता है। ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ से जांच और उचित परामर्श लेना जरूरी है।
डॉक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल लक्षणों के आधार पर किसी मानसिक बीमारी का निष्कर्ष निकालना सही नहीं है। इसके लिए विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।