Sharad Pawar Health Update: एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। 85 वर्षीय शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के पीछे डीहाइड्रेशन की आशंका है।
सुप्रिया सुले ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए बताया कि वह अपने पिता को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रही हैं। उन्होंने लिखा, "बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कर रही हूं। ऐसा लगता है कि उन्हें डीहाइड्रेशन हुआ है। उन्हें अब थोड़ा आराम करने और कम यात्रा करने की जरूरत है। लेकिन बाबा सुनते ही नहीं हैं। वह अपने काम से बहुत प्यार करते हैं।" सुप्रिया सुले ने इस दौरान शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और शुभचिंतकों का आभार भी व्यक्त किया।
दरअसल, सुप्रिया सुले ने आज एनसीपी (SP) के नेताओं की एक अहम बैठक बुलाई थी। इस बैठक में पार्टी के भीतर चल रहे विवाद पर चर्चा होनी थी। शरद पवार को भी इसमें शामिल होना था। हालांकि, उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सुप्रिया सुले बैठक बीच में छोड़कर अस्पताल के लिए रवाना हो गईं।
गौरतलब है कि एक महीने के भीतर यह दूसरी बार है, जब शरद पवार की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इससे पहले 2 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के रुबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था।
बाद में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। उपचार के बाद 7 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। अब एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ने से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता है।