Ganga Expressway Bus Accident: संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को बिहार लौट रही यात्रियों से भरी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए. घायलों में बिहार के सुपौल, दरभंगा, पूर्णिया, सीतामढ़ी समेत कई जिलों के रहने वाले लोग शामिल हैं. सभी मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में गए थे और दिवाली मनाने अपने घर लौट रहे थे.
हादसा पवांसा के पास हुआ. बताया जा रहा है कि बस पंजाब के पटियाला से बिहार के लिए रवाना हुई थी. रास्ते में हरियाणा के अंबाला होते हुए बस गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंची. इसी दौरान पवांसा के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस में करीब 150 यात्रियों के सवार होने की बात कही जा रही है.
बस पलटते ही मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस के अंदर यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. बस के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए और यात्रियों का सामान भी इधर-उधर फैल गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया.
घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे में घायल यात्रियों में बिहार के अलग-अलग जिलों के लोग बताए जा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवारों में भी चिंता बढ़ गई.
हादसे में घायल यात्री अखिलेश कुमार ने बताया कि बस चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई थी. इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई. वहीं, एक अन्य यात्री ने बस में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने का आरोप लगाया है.
हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ और बस में उस समय कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
दिवाली पर घर लौट रहे थे यात्री
बस में सवार ज्यादातर यात्री मजदूरी के लिए पंजाब और दूसरे राज्यों में रहते हैं. दिवाली पर परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए सभी बिहार लौट रहे थे. इनमें सुपौल, दरभंगा, पूर्णिया और सीतामढ़ी समेत कई जिलों के यात्री शामिल थे.
हादसे के बाद यात्रियों का घर पहुंचने का सफर बीच रास्ते में ही रुक गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस यात्रियों और चालक से भी जानकारी ले रही है.