Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र चुराह में साच पास मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चालक सहित आठ लोगों की मौत हो गई। यह हादसा साच पास से बैरागढ़ की ओर आते समय कालाबन के तीखे मोड़ के पास हुआ, जहां टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।


जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से आए एक परिवार ने डलहौजी में एक टैक्सी बुक की थी। बाद में उन्होंने डलहौजी में ही दूसरे पर्यटक परिवार के साथ टैक्सी शेयर कर साच पास होते हुए पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने का निर्णय लिया। दोनों परिवार शुक्रवार को बैरागढ़-किलाड़ मार्ग वाया साच जोत के लिए रवाना हुए थे।


जब देर रात तक टैक्सी डलहौजी वापस नहीं लौटी, तो वाहन मालिक को चिंता हुई। उन्होंने जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए लोकेशन जांची, जिसमें वाहन कालाबन के पास एक स्थान पर रुका हुआ पाया गया। इसके बाद हादसे की जानकारी सामने आई।


वाहन नंबर HP01C-2133 शुक्रवार, 29 मई को साच पास से बैरागढ़ की ओर जा रहा था, तभी कालाबन के तीखे मोड़ पर वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस थाना तीसा और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।


हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चालक विश्वास सल्होता (मावा बनीखेत निवासी) सहित कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के पर्यटक अरविंद चंद्राकर, प्राची, दर्श, अक्षद, पी.जी. कार्तिघायन, मनीमाला और नंदन शामिल हैं।


सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने साच पास मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।