DELHI: देश की राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे लाल किला परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे तक चली जांच के बाद किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।


पुलिस के अनुसार, धमकी भरा कॉल सबसे पहले मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में आया था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाया जाएगा। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने तत्काल इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।


सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस की टीमों ने लाल किले के प्रवेश द्वारों, पर्यटक क्षेत्रों और आसपास के संवेदनशील इलाकों की बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।


फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। कॉल किस नंबर से और किस स्थान से किया गया, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी के पीछे किसी तरह की शरारत, अफवाह फैलाने की कोशिश या कोई अन्य साजिश तो नहीं थी।


गौरतलब है कि लाल किला देश के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है। इसलिए इस तरह की किसी भी धमकी को सुरक्षा एजेंसियां पूरी गंभीरता से लेती हैं। जांच में भले ही कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली हो, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। धमकी देने वाले की पहचान के बाद कार्रवाई की जाएगी।