Heatwave Update: इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की जेब पर भी असर डालने लगी है। तेज धूप और हीटवेव के बीच ऑनलाइन बाइक टैक्सी सेवा रैपिडो का किराया अचानक बढ़ने से यात्री परेशान हैं। खासकर दोपहर के समय लोगों को ज्यादा किराया देने के बावजूद आसानी से राइड नहीं मिल रही है। कई यात्रियों का कहना है कि सुबह जिस रूट का किराया सामान्य रहता है, वही दोपहर में दोगुना तक हो जा रहा है।


यात्रियों के मुताबिक कई इलाकों में 70 से 80 रुपये में मिलने वाली राइड अब 140 से 150 रुपये तक दिख रही है। हैरानी की बात यह है कि ज्यादा किराया देने के बाद भी लंबे समय तक राइड कन्फर्म नहीं हो रही। लोग लगातार ऐप पर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कैप्टन राइड स्वीकार नहीं कर रहे।


बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और लू के कारण कई रैपिडो कैप्टन दोपहर के समय काम करने से बच रहे हैं। इसी वजह से राइड की उपलब्धता कम हो गई है और किराया तेजी से बढ़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ मांग ज्यादा और कैप्टन कम होने की वजह से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।


सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हो रही है जिन्हें छोटी दूरी तय करनी होती है। यात्रियों का कहना है कि 2 से 3 किलोमीटर की राइड देखकर कई कैप्टन खुद ही बुकिंग कैंसिल कर देते हैं। कई बार यात्री एक्स्ट्रा टिप जोड़कर भी राइड बुक करने की कोशिश करते हैं, लेकिन फिर भी राइड स्वीकार नहीं की जाती।


दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र और महिलाओं को इस समस्या का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि दोपहर की तेज गर्मी में सड़क किनारे खड़े होकर लंबे समय तक इंतजार करना काफी मुश्किल हो जाता है। कई यात्रियों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें ऑटो या कैब लेनी पड़ती है, जिसका किराया और ज्यादा होता है।


कुछ यात्रियों का कहना है कि रैपिडो पहले कम खर्च और जल्दी पहुंचने का आसान विकल्प माना जाता था, लेकिन अब बढ़ते किराए और बार-बार राइड कैंसिल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। खासकर ऑफिस टाइम और दोपहर के समय हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं।


दिल्ली में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय सड़क पर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोग ऑनलाइन बाइक टैक्सी सेवाओं पर ज्यादा निर्भर हो रहे हैं, लेकिन किराए में अचानक बढ़ोतरी ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है।