DESK: करीब एक साल पहले रिश्ते में लगने वाली 50 वर्षीया दादी के साथ घर से भागकर जिस 35 वर्षीय युवक ने शादी रचाई थी, उस युवक की बाइक सवार दो बदमाशों ने मौत के नींद सुला दिया। अपराधियों ने उसे गोलियों से भून दिया। शरीर में 4 गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
बताया जाता है कि पांच साल पहले पहली पत्नी की संदिग्ध परिस्थिति में जहर खाने से मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने दामाद नवजोत के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे जेल जाना पड़ गया था। जेल से छूटने के बाद नवजोत ने रिश्ते में दादी लगने वाली 50 वर्षीया विधवा महिला से घर से भागकर शादी कर ली। शादी के सालभर भी नहीं हुए थे कि किसी ने युवक नवजोत को गोलियों को भून डाला और उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस पूरे मामले की छानबीन में पुलिस जुटी हुई है। हर एंगल से इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में न्यूजीलैंड का कनेक्शन भी निकलकर सामने आ रहा है।
घटना बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के रामपुर का है, जहां 35 साल के नवजोत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने टाहकला गांव में वॉशिंग हब पर बैठे नवजोत को गोलियों से भून डाला। चार गोली लगने से उसकी मौत हो गई। हत्या के पीछे प्रेम विवाह, जमीन और आठ लाख रुपये को लेकर चल रहे विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी को खंगालने में जुटी है।
रिश्ते की दादी से शादी के बाद बढ़ा था विवाद
नवजोत सिंह की निजी जिंदगी पिछले कुछ वर्षों से विवादों में रही थी। करीब पांच साल पहले उसकी पहली पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के परिजनों ने नवजोत के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे जेल जाना पड़ा था।
जेल से छूटने के बाद नवजोत की नजदीकियां गांव की ही 50 वर्षीय विधवा महिला से बढ़ गईं। बताया जाता है कि महिला रिश्ते में नवजोत की दादी लगती थी। करीब एक साल पहले दोनों घर छोड़कर चले गए और कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वे रामपुर शहर में किराये के मकान में रहने लगे।
आठ लाख रुपये और ढाई एकड़ जमीन को लेकर विवाद
बताया जा रहा है कि महिला के दो बेटे न्यूजीलैंड में रहकर नौकरी करते हैं। उन्होंने अपनी मां के बैंक खाते में नई गाड़ी खरीदने के लिए आठ लाख रुपये भेजे थे। इसके अलावा महिला के नाम पर ढाई एकड़ जमीन भी थी। नवजोत के साथ मां के घर छोड़ने और पैसों व संपत्ति को लेकर बेटों के साथ विवाद होने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। पंचायत में पैसे और संपत्ति के निपटारे पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद महिला के दोनों बेटे वापस लौट गए। हालांकि, इस विवाद का हत्या से सीधा संबंध अभी पुलिस जांच का विषय है।
वॉशिंग हब पर बैठे नवजोत पर बरसाईं गोलियां
शनिवार शाम करीब चार बजे नवजोत टाहकला गांव के चौराहे पर स्थित अपने वॉशिंग हब पर अकेला बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। हमले में नवजोत को चार गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस के पहुंचने में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा किया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति संभाली।
न्यूजीलैंड कनेक्शन की जांच कर रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के मुताबिक, पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि न्यूजीलैंड में रहने वाले महिला के दोनों बेटों ने कथित तौर पर भाड़े के शूटरों के जरिए नवजोत की हत्या कराई है।
पुलिस इस आरोप के साथ सुपारी देकर हत्या कराए जाने की आशंका की भी जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे किसका हाथ है, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वजह और आरोपियों की भूमिका सामने आ सकेगी।