अयोध्या: अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास की ऑनलाइन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में ज्यादा ऑनलाइन पास मिल सकेंगे। इसके साथ ही दूर-दराज से अयोध्या आने वाले भक्त अब 90 दिन पहले ही दर्शन के लिए सुगम पास बुक कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन 2000 ऑनलाइन सुगम दर्शन पास जारी किए जा सकेंगे। अभी तक सभी स्लॉट मिलाकर रोजाना केवल 975 पास उपलब्ध होते थे। यानी ऑनलाइन पास की संख्या अब दोगुने से भी ज्यादा कर दी गई है। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भगवान राम के दर्शन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।


अब तक सुगम दर्शन पास अधिकतम 15 दिन पहले ही उपलब्ध होते थे। ऐसे में दूसरे शहरों और राज्यों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा की तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाता था। ट्रेन की टिकट, होटल और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं करने में भी परेशानी होती थी। नई व्यवस्था में 90 दिन पहले पास मिलने से श्रद्धालु काफी पहले अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।ट्रस्ट की ओर से पास को एक साथ जारी करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सुगम दर्शन पास 90 दिन, 62 दिन, 30 दिन, 14 दिन, 7 दिन, 3 दिन और 1 दिन पहले उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास की सुविधा भी रहेगी। इस तरह श्रद्धालुओं को किसी एक समय पर ऑनलाइन बुकिंग के लिए निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने सात अग्रिम चरण और एक तत्काल चरण लागू करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि यह नई व्यवस्था अभी पूरी तरह लागू नहीं हुई है। इसके लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर बदलाव और तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में परीक्षण पूरा होने के बाद इसे क्रमश: लागू किया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ पत्रकार और प्रदेश के पूर्व सूचना आयुक्त सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, आईटी विभाग और ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सुगम दर्शन पास व्यवस्था को पूरी तरह अपग्रेड किया है। इसके प्रशासनिक क्रियान्वयन के लिए सीईओ को निर्देश भी दिए गए हैं।


नई व्यवस्था में पास की बुकिंग को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। अग्रिम आवेदन करते ही श्रद्धालु का पास तुरंत कन्फर्म नहीं होगा। ट्रस्ट एक नई सत्यापन आधारित बुकिंग प्रणाली विकसित कर रहा है। आवेदन जमा होने के बाद तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और सामान्य तौर पर 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने को लेकर निर्णय की जानकारी दी जाएगी। यानी केवल आवेदन कर देने को पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य असामान्य और संदिग्ध बुकिंग गतिविधियों की पहचान करना और फर्जी या गलत तरीके से की जाने वाली बुकिंग पर रोक लगाना है। हालांकि दर्शन वाले दिन मिलने वाले तत्काल पास के लिए यह 24 से 48 घंटे की प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी। तत्काल पास की पुष्टि तुरंत की जाएगी।


ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निशुल्क होंगे। इसके लिए श्रद्धालुओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति सुगम दर्शन पास के नाम पर पैसे मांगता है तो श्रद्धालु उसकी शिकायत ट्रस्ट से कर सकते हैं। इसके लिए फोन नंबर 8009522111 और ई-मेल report@srjbtk.org जारी किया गया है। दोनों शिकायत माध्यम जल्द ही सक्रिय किए जाएंगे। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुगम दर्शन पास की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें। किसी एजेंट, दलाल या अनधिकृत वेबसाइट के जरिए पास बुक कराने से बचें। ट्रस्ट श्रद्धालुओं की मांग, बुकिंग की स्थिति और दर्शन व्यवस्था की लगातार समीक्षा करेगा। जरूरत के मुताबिक भविष्य में पास की संख्या और बढ़ाई भी जा सकती है।


नई व्यवस्था लागू होने के बाद दूर-दराज से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सबसे बड़ी सुविधा यह होगी कि वे महीनों पहले अपनी दर्शन यात्रा की योजना बना सकेंगे। वहीं, रोजाना 2000 ऑनलाइन पास उपलब्ध होने से अधिक लोगों को सुगम दर्शन का अवसर मिलने की उम्मीद है।