DESK: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक टूरिस्ट बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में 8 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस और दमकल विभाग ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक टूरिस्ट बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस में सवार 8 तीर्थयात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी और उसमें करीब 37 तीर्थयात्री सवार थे। हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ।


कैसे हुआ हादसा?

दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर एक खाली ट्रॉली मौजूद थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ओवरटेक करने के दौरान बस और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।


पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती दौर में छह शवों को जिला अस्पताल भेजा गया था, बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।


झपकी आने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा गया है।प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बस की डिक्की में सिगरेट के बॉक्स भी रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इस पहलू की भी जांच की जा रही है।


हंस ट्रेवल्स की बताई जा रही है बस

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस हंस ट्रेवल्स की थी। हादसे के बाद बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। दमकल विभाग को आग बुझाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।