DESK:राजस्थान के पुष्कर मेले में इन दिनों एक घोड़ा अपनी शाही ठाठ-बाट को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। नाम है ‘बादल’। इसकी एंट्री किसी राजा-महाराजा के जुलूस से कम नहीं थी। आगे बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े, पीछे करीब 100 बॉडीगार्ड और स्वागत में उड़ते नोट। बादल का यह रॉयल अंदाज देखकर मेले में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आखिर इस घोड़े में ऐसा क्या खास है, जिसकी इतनी चर्चा हो रही है? आइए जानते हैं।
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला 2026 में रविवार को केकड़ी के अश्वपालक राहुल जेतवाल अपने खास घोड़े बादल के साथ पहुंचे। बादल की एंट्री के लिए खास इंतजाम किए गए थे। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के बीच उसे मेला परिसर में लाया गया। करीब 100 बॉडीगार्ड उसके साथ सुरक्षा घेरे में चल रहे थे। इस दौरान स्वागत में घोड़े पर जमकर नोट भी लुटाए गए। शाही जुलूस जैसा यह नजारा देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बादल की खासियत सिर्फ उसका शाही स्वागत ही नहीं, बल्कि उसकी कद-काठी भी है। महज 24 महीने की उम्र में उसकी ऊंचाई 66 इंच से ज्यादा हो चुकी है। आकर्षक शरीर और शानदार चाल के चलते वह पशुपालकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
बादल की सेहत और रखरखाव पर भी खास ध्यान दिया जाता है। उसके खानपान पर हर महीने करीब 50 हजार रुपये खर्च होते हैं। दूध, दही और घी जैसे पौष्टिक आहार उसकी डाइट का हिस्सा हैं। यही वजह है कि इतनी कम उम्र में उसकी शारीरिक बनावट लोगों को आकर्षित कर रही है।
राहुल जेतवाल सिर्फ बादल ही नहीं, बल्कि न्यू बादल और विश्वास नाम के दो अन्य घोड़ों को भी लेकर पुष्कर मेले में पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों घोड़ों की कुल कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक है। इनके रहने के लिए करीब 3 लाख रुपये की लागत से विशेष टेंट तैयार कराया गया है, जहां इनके लिए शाही सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।
पुष्कर मेले में हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से बेहतरीन नस्ल के घोड़े पहुंचते हैं, लेकिन इस बार बादल की शाही एंट्री ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उसकी कीमत, कद-काठी, खानपान और राजसी स्वागत की चर्चा मेले में हर तरफ हो रही है।