DESK: पंजाब के संगरूर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर कथित तौर पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

रविवार की देर रात हुई वारदात

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उप्पली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात करीब 3 बजे एक हमलावर ने बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे पेट्रोल बम के रूप में कार्यालय की बाहरी दीवार की ओर फेंका। बोतल दीवार से टकराकर फूट गई, जिससे वहां आग लग गई। दीवार पर आग के निशान भी पाए गए हैं। सोमवार सुबह जब भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस ने क्या कहा?

घटना की सूचना मिलते ही संगरूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कप्तान (एसपी) दविंदर अत्री ने बताया कि वे खुद डीएसपी और थाना प्रभारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे पेट्रोल बम बनाया गया था और उसी का इस्तेमाल बीजेपी कार्यालय पर हमले में किया गया।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले

गौरतलब है कि पंजाब में भाजपा कार्यालयों और नेताओं पर पहले भी हमले हो चुके हैं। बीते जून में बठिंडा में भाजपा के एक नेता के क्लिनिक पर अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंका था। वहीं, इसी वर्ष की शुरुआत में चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय पर भी देसी बम से हमला किया गया था। तब मामले की जांच कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से की थी। बाद में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। 


पंजाब पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के तार विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े होने की बात सामने आई थी। अब जो घटना घटी है इसकी भी जांच में पुलिस जुटी हुई है। संगरूर पुलिस घटना के तमाम बिन्दुओं की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि पिछली घटनाओं की तरह इसमें भी जल्द सफलता मिलेगी और जो भी आरोपी होंगे उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।