Pulwama attack mastermind: पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंडों में से एक आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। सूत्रों के मुताबिक इस हमले में उसकी मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब हमजा बुरहान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) स्थित अपने ऑफिस में मौजूद था।


जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात लोग ऑफिस में दाखिल हुए और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमजा बुरहान खुद को पाकिस्तान में एक शिक्षक बताता था, लेकिन वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था और 2019 के पुलवामा हमले की साजिश में शामिल बताया जाता है।


हमजा बुरहान मूल रूप से पुलवामा के रत्नीपोरा का रहने वाला था और 2017 में आतंकी गतिविधियों से जुड़ने के बाद पाकिस्तान चला गया था। वह न सिर्फ हमलों की साजिश में शामिल था, बल्कि युवाओं को बहला-फुसलाकर कट्टरपंथ की ओर धकेलने और आतंकी संगठनों के लिए भर्ती एवं ट्रेनिंग में भी सक्रिय भूमिका निभाता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की ओर से एक सुरक्षित ऑफिस और सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई थी, जहां उसकी सुरक्षा में हथियारबंद गनर तैनात रहते थे।


14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी आदिल अहमद डार ने 300–350 किलो IED से भरी SUV को CRPF काफिले की बस से टकरा दिया था। इस हमले में 40 से अधिक CRPF जवान शहीद हो गए थे, जो 1989 के बाद सुरक्षा बलों पर सबसे घातक हमलों में से एक माना जाता है। जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।


इस हमले के बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसमें कई आतंकियों के मारे जाने की खबरें सामने आई थीं।