DESK: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब एक 19 वर्षीया युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी रही। विवाह को लेकर वो जिला न्यायालय परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। हैरानी की बात यह रही कि युवती ने कुछ समय पहले इसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर उसे जेल भिजवाया था, लेकिन आज वह उसी से शादी करने की जिद करने लगी। 


युवती को टंकी पर चढ़ा देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और करीब डेढ़ घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। बताया जाता है कि 19 वर्षीया युवती प्रतापगढ़ के देहात कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। युवती ने कुछ समय पहले अंतू थाना क्षेत्र निवासी शिव वर्मा के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन हाल ही में वह जमानत पर रिहा होकर बाहर आया है।


गुरुवार को युवती जिला न्यायालय परिसर पहुंची और पानी की टंकी पर चढ़कर उसी युवक से शादी कराने की मांग करने लगी। टंकी पर युवती को देखकर अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजू उपाध्याय के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया गया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, न्यायालय सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर युवती के खिलाफ आत्महत्या की धमकी देने और शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। वहीं पूरे मामले की जांच भी की जा रही है। इस घटना के कारण न्यायालय परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।