PM Kisan 24th Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े बिहार के किसानों के लिए बड़ी खबर है. योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों के बैंक खातों में किस्त की राशि ट्रांसफर करेंगे. बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में इस किस्त के तहत 1,476 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 24वीं किस्त जारी होने के मौके पर देशभर में पीएम-किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा. बिहार में इसका राज्यस्तरीय कार्यक्रम पटना के ज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, विभाग के वरीय अधिकारी और योजना के लाभार्थी किसान शामिल होंगे.
हर किसान को मिलेंगे 2 हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2-2 हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है. 24वीं किस्त के तहत भी पात्र किसानों के खाते में 2 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे.
बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को फायदा
कृषि मंत्री के अनुसार, बिहार में इस योजना के तहत 73 लाख से अधिक किसान परिवारों को 24वीं किस्त का लाभ मिलेगा. इन किसानों के खातों में कुल 1,476 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जाएगी. केंद्र स्तर पर इस किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जाएगी.
23 किस्तों में बिहार के किसानों को मिले 33 हजार करोड़ से ज्यादा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी. योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. बिहार में अब तक योजना की 23 किस्तों के जरिए किसानों के खातों में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है.
24वीं किस्त की राशि मिलने से किसानों को बीज, खाद और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरी चीजों की खरीद में आर्थिक मदद मिलेगी. 30 अक्टूबर को किस्त जारी होने के बाद पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि पहुंचाई जाएगी.