PM Kisan 23rd Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से देश के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री ने 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan)' योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी। 


इसके तहत 9.44 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये की किस्त ट्रांसफर की गई है। बिहार के करीब 1.08 करोड़ पंजीकृत किसानों के खातों में भी राशि पहुंचने के मैसेज आने शुरू हो गए हैं।


किसान यह आसानी से पता लगा सकते हैं कि उनके खाते में 23वीं किस्त का पैसा पहुंचा है या नहीं। सबसे पहले PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर मौजूद 'Farmers Corner' सेक्शन में जाएं। वहां 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें। अपना Registration Number (Farmer ID) और कैप्चा कोड दर्ज करें। 'Get Data' पर क्लिक करते ही भुगतान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। यहां आप FTO Status और Payment Success की स्थिति भी देख सकते हैं।


यदि आप योजना के पात्र लाभार्थी हैं, लेकिन आपके खाते में 2,000 रुपये की किस्त नहीं पहुंची है, तो सबसे पहले अपना स्टेटस जांचें। यदि 'Land Seeding' या 'e-KYC' के सामने 'No' दिख रहा है, तो इसे तुरंत अपडेट कराएं। किसान बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी और लैंड सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।


भुगतान अटकने की स्थिति में किसान अपने क्षेत्र के कृषि समन्वयक (Agriculture Coordinator) या ब्लॉक कृषि पदाधिकारी (BAO) से संपर्क कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर जमाबंदी का दोबारा भौतिक सत्यापन कराया जा सकता है, जिसके बाद रुकी हुई राशि जारी की जा सकती है। PM-Kisan योजना केंद्र सरकार की प्रमुख किसान कल्याण योजनाओं में शामिल है। 23वीं किस्त जारी होने से देशभर के करोड़ों किसानों को खेती-किसानी और अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी।