PM Kisan 23rd Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का इंतजार कर रहे करोड़ों किसानों के बीच इन दिनों एक तारीख सबसे ज्यादा चर्चा में है. सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर तेजी से दावा किया जा रहा है कि 18 जून को किसानों के खातों में 2 000 की अगली किस्त भेजी जाएगी. इस दावे ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं, लेकिन क्या वाकई 18 जून को पैसा आने वाला है या फिर यह सिर्फ एक अनुमान है? अब इसको लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है.


दरअसल, केंद्र सरकार ने 13 मार्च 2026 को योजना की 22वीं किस्त जारी की थी. उस दौरान करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे 2,000 की राशि भेजी गई थी. इसके बाद से किसान अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं. तीन महीने का समय पूरा होने के साथ ही 23वीं किस्त को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.


हालांकि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि केंद्र सरकार या कृषि मंत्रालय की ओर से अभी तक 23वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है. ऐसे में 18 जून को पैसा आने का दावा फिलहाल सरकारी स्तर पर पुष्टि नहीं हुआ है. इसलिए किसानों को सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों पर पूरी तरह भरोसा करने से बचना चाहिए.


अब सवाल यह है कि आखिर 18 जून की तारीख की इतनी चर्चा क्यों हो रही है? इसकी वजह वर्ष 2024 का रिकॉर्ड बताया जा रहा है. उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जून को ही योजना की 17वीं किस्त जारी की थी. उस दिन करोड़ों किसानों के खातों में हजारों करोड़ रुपये भेजे गए थे। इसी पुराने रिकॉर्ड के आधार पर लोग अनुमान लगा रहे हैं कि इस बार भी सरकार 18 जून को किस्त जारी कर सकती है. लेकिन जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इसे केवल संभावना ही माना जाएगा.


योजना के नियमों के अनुसार किसानों को हर वर्ष 6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में भेजी जाती है और प्रत्येक किस्त 2,000 की होती है. पहली किस्त अप्रैल से जुलाई के बीच, दूसरी अगस्त से नवंबर के बीच और तीसरी दिसंबर से मार्च के बीच जारी की जाती है. इसी पैटर्न को देखते हुए माना जा रहा है कि अगली किस्त जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई की शुरुआत में कभी भी जारी हो सकती है.